खरमास खत्म होते ही धनबाद महिला थाना में प्रेम विवाह की इन्ट्री,ठंड के माैसम में भी पुलिस के छूटे पसीने
धनबाद । खरमास खत्म होने के बाद शादियों का सीजन शुरू हो गया है। घरवालों की मर्जी से शादी करने के अलावा कई लोग ऐसे भी हैं जो प्रेम विवाह कर रहे हैं।ऐसा ही एक जोड़ा मंगलवार को शादी कर धनबाद महिला थाना में पहुँचा। इसके बाद थाना में जमकर हंगामा हो गया। लड़की और लड़के के स्वजन आपस में भिड़ गए। लड़की के स्वजनों ने लड़के पर 50 हजार रुपये के साथ लड़की को घर से भगा ले जाने का आरोप लगाया है। हालांकि लड़की ने स्वजनों के आरोप से इन्कार किया है। दोनों पक्षों को नियंत्रित करने में कड़ाके की इस ठंड के माैसम में पुलिस के पसीने छूट गए।
यह है मामला
महिला थाना प्रभारी कुमारी विशाखा ने बताया कि जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा निवासी पूजा और आकाश का पाँच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे। पूजा के घर वाले राजी नहीं थे। इस पर पाँच जनवरी को पूजा ने बिना घर वालों की मर्जी के आकाश से शादी कर ली। इस बात की जानकारी पूजा के परिजनों को लगी तो वे आगबबूला हो गए। पूजा के परिजनों ने कई आरोप लगाते हुए आकाश के खिलाफ महिला थाना में शिकायत की। पूजा के परिजनों ने अपनी शिकायत में कहा है कि परिवार वालों की गैरहाजरी में आकाश, पूजा को घर से बहला फुसलाकर भगा ले गया। यहीं नहीं घर में रखे 50 हजार के गहने और अन्य जरूरी कागजात भी लेकर चला गया। 5 जनवरी से लापता प्रेमी जोड़े 18 जनवरी मंगलवार को महिला थाना पहुँचे। जहाँ लड़की के घर वाले दोनों का पहले से इंतजार कर रहे थे। लड़के के घरवाले भी पहुँच गए। दोनों के बीच हंगामा शुरू हो गया।
पूजा ने परिवार के आरोपों को नकारा
पूजा ने अपने घरवालों के आरोप से इन्कार किया है। उसने अपनी मर्जी से आकाश के साथ शादी की है। यह लोग झूठे आरोप आकाश पर लगा रहे हैं। आकाश का कहना है कि घर पर पूजा के परिजनों ने उन दोनों के साथ मारपीट करने के लिए गुंडे भी भेजे थे।
दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की है
बालिग होने के चलते दोनों की शादी मान्य होगी। अपनी मर्जी से साथ रह सकते हैं। दोनों के स्वजनों को समझाने की कोशिश की जा रही है।
Copyright protected
झारखण्ड न्यूज़ की महत्वपूर्ण खबरें
Quick View
पश्चिम बंगाल की महत्वपूर्ण खबरें
Quick View