40 लाख के ईनामी नक्सली दम्पति गिरफ्तार

नक्सली अपनी गर्भवती पत्नी का इलाज कराने आया था धनबाद
धनबाद। झारखण्ड, बंगाल सहित 7 राज्यों में वांछित नक्सली दंपत्ति सोनवा टुडू और उसकी पत्नी मुगली मुर्मू को आज धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मनियाडीह थानाक्षेत्र के जीतपुर का रहने वाला सोनवा अपनी गर्भवती पत्नी मुगली का ईलाज कराने धनबाद आया था। सोनवा टुडू ने सारण्डा क्षेत्र में लोगों को दिग्भ्रमित कर नक्सलवाद के विस्तार में अग्रणी भूमिका निभाई और जनसमर्थन जुटाया। मुगली मुर्मू नारी मुक्ति संघ की सदस्य के रूप में विभिन्न स्थानों पर कार्य करती रही और आम जनता के बीच पार्टी की पैठ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाती थी।
इसपर 25 लाख रुपएे का ईनाम था
इस संबंध में पत्रकारों को विस्तार से जानकारी देते हुए एसएसपी मनोज रतन चोथे ने बताया कि 25 लाख का ईनामी नक्सली सोनवा टुडू झारखण्ड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओढिसा, बिहार, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना पुलिस के रडार पर था। उस पर पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) में 22 मामले दर्ज है। 20 साल की उम्र में वह नक्सली संगठन से जुड़ा और रांची के बुण्डु क्षेत्र में नक्सलवाद के लिए प्रचार और प्रसार का काम सक्रिय रूप से किया।
वह पिछले 25- 26 वर्षों से नक्सलवाद में सक्रिय रहा
एसएसपी ने बताया कि सोनवा टुडू उर्फ फूलचन्द टुडू उर्फ राजेश संथाल उर्फ हरिश उर्फ प्रभाकर टुडू सारण्डा की कई बड़ी उग्रवादी वारदातों में शामिल रहा। 2007 में इसे स्पेशल एरिया कमांडर का दर्जा दिया गया। वह मार्च 2017 तक सारण्डा क्षेत्र के पोड़ाहाट में सक्रिय रहा। सोनवा टुडू ने 2006 में मुगली मुर्मू उर्फ सुनिता उर्फ संतोषी उर्फ अंकिता नामक महिला नक्सली से सारण्डा में शादी की। एसएसपी ने बताया कि मुगली भी 15 लाख की ईनामी नक्सली है। मुगली ग्राम गोलाडाबर, पीरटांड (गिरिडीह) के कन्दन मुर्मू की बेटी है। मुगली महज 12 वर्ष की उम्र में नक्सलवाद से जुड़ गई थी। वह पिछले 25 वर्षों से सारण्डा, पारसनाथ तथा दुमका क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों में सक्रिय रूप से लिप्त रही।
मुगली पर चाईबासा में 3 मामले दर्ज है
वर्तमान में मुगली जे.आर.सी. की मनोनित सदस्य है तथा प्रतिबंधित संगठन नारी मुक्ति संघ की स्टेट कमिटी की सदस्य है।एसएसपी ने बताया कि चूंकि नक्सली दंपत्ति पर चाईबासा में मामले दर्ज है इसलिए उनको चाईबासा के अपर पुलिस अधीक्षक मनिष कुमार के नेतृत्व में चाईबासा पुलिस के हवाले किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में सिटी एसपी पियुष पाण्डे, ग्रामीण एसपी आशुतोष शेखर भी उपस्थित थे।

अपने आस-पास की ताजा खबर हमें देने के लिए यहाँ क्लिक करें
Copyright protected
पश्चिम बंगाल की महत्वपूर्ण खबरें

Quick View