नक्सल समस्या से निपटने में गृह मंत्री ने की झारखंड की सराहना
नक्सल समस्या के मामले में झारखण्ड सरकार का काम पूरे देश में बेहतरीन है। काफी कम समय में उम्मीद से ज्यादा सफलता प्राप्त की गयी है। नक्सलियों द्वारा उगाही का मामला हो या केंद्रीय तथा राज्य सुरक्षा बलों के बीच समन्वय की बात हो चाहे यूनिफाइड कमांड की लगातार हो रही बैठकें हो, झारखंड पूरे देश में सबसे आगे है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित एलडब्ल्यूइ, सुरक्षा व्यवस्था और एसपीरेशनल जिलों की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री रघुबर दास ने कहा कि नक्सल समस्या समाप्त करने में झारखंड सबसे पहला राज्य होगा, इस ध्येय के साथ हम काम कर रहे हैं। उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में राज्य सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। शासन और जनता के बीच विश्वास बढ़ रहा है। नक्सल समस्या पर नियंत्रण पाने में स्थानीय लोगों का काफी सहयोग मिला है। अतिपिछड़े जिलों पर फोकस किया जा रहा है। आदिवासी ग्राम विकास समिति और ग्राम विकास समिति के माध्यम से छोटी-छोटी योजनाओं को ग्रामीणों को सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ मिलकर राज्य सुरक्षा बलों ने सवा तीन साल में बेहतरीन काम किया है। अभी झारखंड में कुछ अपराधी गुट मुखौटा ओढ़कर वारदात कर रहे हैं, जल्द ही उन्हें भी समाप्त कर दिया जायेगा। बैठक में पत्थलगढ़ी, उग्रवादियों के आर्थिक स्रोत को नष्ट करने समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।

अपने आस-पास की ताजा खबर हमें देने के लिए यहाँ क्लिक करें
Copyright protected