‘आचार्य चल वैजयंती शील्ड’ से सम्मानित हुआ आसनसोल रेल मंडल
राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रसार की दिशा में उल्लेखनीय योगदान हेतु आसनसोल मंडल की उपलब्धियों को अखिल भारतीय रेल स्तर पर मान्यता मिली। 11 दिसंबर को नई दिल्ली के ‘रेल भवन’ में आयोजित ‘सम्मान समारोह’ में अध्यक्ष (रेलवे बोर्ड) द्वारा आसनसोल रेल मंडल को ‘ग’ के क्षेत्र के आदर्श मंडल हेतु ‘आचार्य चल वैजयंती शील्ड’ प्रदान किया गया, जिसे मंडल की ओर से बतौर अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी-सह मंडल रेल प्रबंधक आर.के.बर्नवाल ने ग्रहण किया।
बुधवार को उक्त शील्ड अध्यक्ष मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति -सह-मंडल रेल प्रबंधक पी.के.मिश्रा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री मिश्रा ने मंडल की इस असाधारण उपलब्धि के लिए राजभाषा टीम और मंडल के अधिकारियों एवं कर्मियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि शांत किंतु सजग भाव से मंडल का राजभाषा विभाग अपनी ड्यूटी में समर्पित रहा है, जिसका प्रतिफल उन्हें मिला है।
अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी-सह अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि इसप्रकार के बड़े सम्मान हमें और हमारे कर्मियों को जहाँ प्रोत्साहित करते हैं, वहीं हमें कुछ बेहतर करने का उत्तरदायित्व मिलता है। राजभाषा अधिकारी/प्र. आर.के.तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि राजभाषा के इस शीर्ष सम्मान के लिए मंडल रेल प्रबंधक पी.के. मिश्रा का सुयोग्य मार्गदर्शन, अपर मंडल रेल प्रबंधक आर.के.बर्नवाल का आत्मीय प्रोत्साहन एवं हमारी विभागीय टीम के अथक परिश्रम की अहम् भूमिका रही। इस अवसर पर आर.के.तिवारी के साथ राजभाषा विभाग की टीम के सर्वश्री के.के.पांडेय, दिलीप कुमार पासवान, संजय राउत, पुरुषोत्तम कुमार गुप्ता आदि उपस्थित थे।

अपने आस-पास की ताजा खबर हमें देने के लिए यहाँ क्लिक करें
Copyright protected