बेटी ने कहा-पिताजी ने किरासन तेल मां के शरीर में उड़ेलकर आग लगा दी
दुर्गापुर -वारिया फांड़ी अंतर्गत गोपालमाठ इलाके में बुधवार की देर रात रहस्यमय तरीके से आग लग जाने से एक महिला बुरी तरह झुलस गई। उसे इलाज के लिए विधान नगर अस्पताल ले जाया गया। गुरुवार की सुबह महिला का पति रतन घोष का जंगल में फंदे से झूलता शव देख कर इलाके के लोग अचंभित हो गये। सूचना पाकर वारिया फांड़ी की पुलिस घटनास्थल पर पहुँच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए महकमा अस्पताल भेज दिया। झुलसी महिला बनलता घोष का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मार्मिक घटना होने से इलाके के लोगों में अनेक प्रकार की चर्चा शुरू हो गई है। एक तरफ पत्नी के शरीर पर आग लगी एवं दूसरी तरफ पति का झूलता शव को देख कर इलाके में लोगों के मन में कई प्रश्न चिन्ह उभर रहे हैं। हालांकि पुलिस अभी तक इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर रही है। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवारिक अशांति के कारण ही पति ने पहले पत्नी को किरासन तेल डालकर आग लगा दी एवं जंगल में जाकर खुद ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
बताया जाता है कि गोपालमाठ घोष पाड़ा निवासी रतन घोष का विवाह वर्ष 2008 में शोभापुर निवासी बनलता घोष के साथ हुई थी। उनका 9 वर्ष की एक कन्या संतान है। पति-पत्नी के बीच अक्सर ही छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। बुधवार की रात करीब 11 बजे अचानक बनलता घोष की चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ घर के समक्ष जमा हो गई, लोगों ने देखा कि बनलता आग में बुरी तरह झुलस रही है। परिवार वालों एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज के लिए बनलता को दुर्गापुर महकमा अस्पताल भेजा गया। दूसरी तरफ गुरुवार की सुबह जंगल में पति रतन घोष का फंदे से झूलता शव देख पुलिस को सूचना दी गई।
जेठानी चंदना घोष ने बताया कि रात को जख्मी बनलता को इलाज के लिए अस्पताल ले गए थे। पूरी रात अस्पताल में रहने के बाद गुरुवार सुबह अस्पताल से घर लौटे तो देवर रतन की मौत की खबर सुनी। दूसरी तरफ रतन घोष की 9 वर्षीय पुत्री ने बयान दिया कि कल शाम मां एवं पिता संग झगड़ा हुआ था। गुस्से में आकर पिताजी ने किरासन तेल मां के शरीर में उड़ेलकर आग लगा दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक इस तरह की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में पता चल पाएगा।

अपने आस-पास की ताजा खबर हमें देने के लिए यहाँ क्लिक करें
Copyright protected