झरिया। झमाडा के जामाडोबा जल संयंत्र में लगे मोटर पंप के फुटबाॅल में तकनीकी खराबी आ जाने से दूसरे दिन भी झरिया शहर और इसके आसपास क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप रही। पानी नहीं मिलने से लाखों लोगों में हाहाकार मचा हुआ है। बताते हैं कि झरिया के जामाडोबा जल संयंत्र में दामोदर नदी के किनारे जलापूर्ति के लिए शक्तिशाली पाँच नंबर का मोटर पंप 350 एचपी का लगा है। बुधवार को मोटर पंप का फुटबॉल फट जाने से झरिया और आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप हो गई।
कर्मियों ने बताया कि छह नंबर इंटेक भल्ब में लगे मोटर पंप से 12 एमजीडी फिल्टर प्लांट में कम मात्रा में जल भंडारण किया जा रहा है। झरिया के कुछ भागों में कम जलापूर्ति की जा रही है। कर्मियों ने कहा कि फुटबॉल को खोलकर मरम्मत के लिए झरिया भेजा गया है। गुरुवार तक बन जाने की संभावना है। झमाडा के एसडीओ पंकज झा ने कहा कि पाँच नंबर मोटर पंप के फुटबॉल की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।
वैकल्पिक व्यवस्था के तहत झरिया में जलापूर्ति के प्रयास में लगे हैं। जामाडोबा जल संयंत्र में आए दिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण जलापूर्ति ठप रहने से लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि झमाडा के अधिकारियों की लापरवाही के कारण ही आए दिन जलापूर्ति की समस्या उत्पन्न होती है।