Site icon Monday Morning News Network

सिंह मेंशन समर्थक को गिरफ्तार करने पर हंगामा, थाना पहुँची रागिनी सिंह ने रघुकुल पर साधा निशाना

झरिया। जनता मजदूर संघ असंगठित मोर्चा के नेता व सिंह मेंशन समर्थक मनोज गोप को झरिया पुलिस ने बुधवार की रात सहाना पहाड़ी स्थित उसके आवास से हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने से मेंशन समर्थकों में आक्रोश व्याप्त हो गया था जिसकी सूचना पर भाजपा नेत्री रागिनी सिंह ने गुरुवार की सुबह धनबाद एसएसपी से भेंट की तथा गिरफ्तारी का कारण पूछा। पुलिस द्वारा सटीक जवाब नहीं दिए जाने पर एसएसपी ने फौरन छोड़ने का आदेश दिया। इसके बाद रागिनी सिंह झरिया थाना पहुँची। यहाँ पर सैकड़ों की संख्या में राजापुर परियोजना के असंगठित मजदूर भी पहुँच गए थे। झरिया इंस्पेक्टर से रागिनी सिंह ने कहा कि बेवजह किसी के घर में घुस कर गिरफ्तार करके थाना लाना कहाँ तक उचित है।

रागिनी सिंह के सवालों का जवाब पुलिस नहीं दे पाई। इसके बाद पत्रकारों से रागनी सिंह ने बात करते हुए रघुकुल पर जमकर भड़ास निकाली और कहा कि रघुकुल के इशारे पर पुलिस काम कर रही है। पिछले दिनों राजापुर कोल डंप पर फायरिंग की घटना हुई थी। यहाँ मजदूरों से रंगदारी मांगी जा रही है। मनोज गोप से भी रंगदारी मांगी गई थी। इनकार करने पर सत्ता का दुरुपयोग करते हुए पुलिस का इस्तेमाल किया गया है।

कोई मामला नहीं होने के बावजूद भी पुलिस ने रघुकुल के इशारे पर कार्यवाही की है, जो कि एकदम से अनुचित हैं वहीँ समर्थकों के कड़े तेवर देख पुलिस भी नरम हुई और मनोज गोप को पीआर बांड पर छोड़ दिया, इस मौके पर रागिनी सिंह के साथ जनता मजदूर संघ के कई समर्थक मौजूद थे।

Last updated: मार्च 17th, 2022 by Arun Kumar