Site icon Monday Morning News Network

हाइवा की चपेट में आने से एक 17 वर्षीय युवक हर्ष राज उर्फ निखिल की दर्दनाक मौत

लोयाबाद। इस्ट बसुरिया निछानी पुल के पास बुधवार की शाम हाइवा की चपेट में आने से एक 17 वर्षीय युवक हर्ष राज उर्फ निखिल की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गयी।

इसके बाद लोगों का आक्रोश भड़क गया। उग्र लोगों ने हाइवा को आग के हवाले कर दिया और सड़क जाम कर दिया। इस दौरार वहाँ से गुजरने वाले वाहनों को कोपभाजन बनना पड़ा।

उत्तेजित लोगों ने एक बाइक चालक की जमकर पिटाई कर दी। साथ ही आसपास खड़े हाइवा में तोड़-फोड़ की। हंगामा के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही।

सूचना मिलने के बाद बाघमारा डीएसपी निशा मुर्मू, कतरास अंचल निरीक्षक भिखारी राम, शंकर विश्वकर्मा के अलावे तेतुलमारी, भूली एवं पुलिस के जवान पहुँचे और स्थिति नियंत्रित करने के लिए उपद्रवियों पर लाठी चार्ज किया।

इसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गयी। डीएसपी निशा मुर्मू ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। उसके बाद शव उठाया गया और जाम हट गया। जाम के कारण दो घंटे तक लोग परेशान रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस्ट बसुरिया दो नंबर निवासी शैलेंद्र भारती का पुत्र हर्ष वर्तमान में रंगुनी में रहता था। शाम में अपने दोस्त के साथ बाइक से घर जा रहा था। हाथ में सिंघाड़ा लिये हुए था तभी दुर्घटना का शिकार हो गया।

Last updated: मार्च 3rd, 2022 by Arun Kumar