Site icon Monday Morning News Network

सिद्धो-कान्हू विवि का 30 वाँ स्थापना दिवस मनाया गया

साहिबगंज। सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका का 30 वाँ स्थापना दिवस साहिबगंज महाविद्यालय परिसर में उत्साह एवं उल्लास पूर्वक मनाया गया, साथ ही विश्वविद्यालय के संस्थापक प्राचार्य, आचार्य शिव बालक राय के 105 वीं जयंती पर उन्हें याद व पुष्पांजलि अर्पित किया गया।

सर्वप्रथम इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. रणजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में सिद्धो-कान्हू की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया। फिर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.विनोद कुमार द्वारा अध्यापकों, छात्र -छात्राओं, कर्मी व समस्त अभिभावकों को बधाई व शुभकामनायें दी गई।

अपने संबोधन में प्राचार्य ने कहा कि विश्वविद्यालय के 30 वें वर्ष में आज आत्ममंथन आत्मचिंतन, आत्मालोचना व संकल्प लेने का दिन है। किसी भी शैक्षणिक संस्थानों में चार महत्त्वपूर्ण मानक होते हैं। प्रवेश, पढ़ाई, परीक्षा और परिणाम। अब एक नया आयाम जुड़ा है प्लेसमेंट और खेल-कूद प्रतियोगिता का।

सिंह ने कहा कि विवि के 30 सालों की यात्रा में कुछ उपलब्धियाँ भी है तो कुछ सुधार की आवश्यकता भी है। उन्होंने छात्रों व शिक्षक कर्मियों की समस्या के निदान के लिए ईमानदारी से समाधान करने की जरूरत पर बल दिया।

उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन व प्रबंधन और सरकार से विशेष विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग की, साथ ही छात्रों की पढ़ाई के लिए शैक्षणिक स्तर पर सुधार व प्रयोगशाला स्किल डेवलपमेंट का प्रशिक्षण केंद्र, खेल-कूद प्रतियोगिता, वोकेशनल शिक्षा आदि की व्यवस्था की मांग भी सरकार से की है।

मौके पर सिद्धो-कान्हू मुर्मू विवि दुमका के राज्यपाल मनोनीत सिंडीकेट सदस्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह, प्राचार्य विनोद कुमार,
प्रो. मरियन हेम्ब्रम, जितेंद्र मरांडी, लक्ष्मण मुर्मू , अनिल बेसरा, युगल मरांडी, चित्तरंजन रविदास, चंदन मुर्मू, प्रकाश टुडू, मसुदन मुर्मू सहित अन्य दर्ज़नो छात्र उपस्थित थे।

Last updated: जनवरी 11th, 2021 by Sanjay Kumar Dheeraj