Site icon Monday Morning News Network

सिद्धो -कान्हू जयंती विशेष: शहादत को ताजा कर देती है सिद्धो-कान्हू जयंती भोगनाडीह

साहिबगंज। संताल हूल के महानायक वीर शहीद सिद्धो -कान्हू की जयंती बरहेट प्रखंड के भोगनाडीह गाँव के सिद्धो-कान्हू जन्मस्थली में कोविड19 गाइडलाइन का पालन करते हुए आज सुबह से ही मनाया जा रहा है। जहाँ पारम्परिक तरीके से पूजा -पाठ किया जा रहा। सीद्धो-कान्हू पार्क व सिद्धो -कान्हू के आवास को आकर्षक तरीके से सजाया गया है।

इस बार नहीं दिख रहा है चहल-पहल

बता दें कि कोरोना के दूसरी लहर को देखते हुए इस बार लोगों का जमावड़ा नहीं हो रहा है। बरहेट प्रखण्ड में हर बार लाखों की संख्या में सिद्धो -कान्हू के जन्म भूमि उनके जन्म दिवस के अवसर पर पहुँचते थे।

ज्ञात रहे कि पूर्व में तरह-तरह के दर्शनीय कार्यक्रम, रात्रि भोज, दिनाजपुर आर्केस्ट्रा आदि कार्यक्रम का आयोजन किया जाता था। लेकिन बढ़ते करोना को देखते हुए इस बार भी सभी कार्यक्रमों को स्थगित किया गया है।

सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए कुछ ही लोगों को सिद्धो -कान्हू के प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उनके जन्म दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि देने की अनुमति दी गई है।

क्यों मनाया जाता है सिद्धो -कान्हू जयंती

अंग्रेज महजनों एवं शोषण के खिलाफ आन्दोलन और वीर शहीदों के बलिदान की कर्मभूमि है भोगनाडीह। सिद्धो -कान्हू की जयंती उनके शहादत की यादों को ताजा कर देती है। आदिवासी समाज के लोगों के लिए शोषण व अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए सिद्धो -कान्हू ने संथाल हूल का शंखनाद किया था। आदिवासी समाज के लोग सिद्धो -कान्हू को किसी भगवान से कम नहीं मानते।

सिद्धो-कान्हू ने देश की संस्कृति व सम्मान की रक्षा कर संथाल परगना को गौरवान्वित करने का काम किया। दोनों भाइयों ने आदिवासी तथा गैर आदिवासीयों को अंग्रेज व महजनों के अत्याचार से मुक्ति दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

ब्रिटिश हुकूमत की जंजीरों को तार -तार करने वाले इन वीर सपूतों के शहादत की याद में जयंती समारोह प्रत्येक साल 11 अप्रैल को मनाया जाता है। इस समारोह में देश के कई प्रांतों से भोगनाडीह पहुँचने वाले विद्वान, लेखक, इतिहासकार, शहीदों के इतिहास को कुरेद कर उनके जीवन वृतांत पर प्रकाश डाल कर उनके बलिदान की याद ताजा कर जाते हैं।

बरहेट प्रखंड के भोगनाडीह गाँव में चुनू मुर्मू के घर सिद्धो का जन्म 1820 ई. को और कान्हू का जन्म 1832 ई. में हुआ था। उनके दो सहोदर भाई चन्द्राय मुर्मू तथा भैरव मुर्मू भी थे। इन देशभक्तों ने अंग्रेजों के अत्याचार का विरोध करने व आजादी का परचम लहराने के लिए 30 जून 1853 को पंचकठिया में बरगद के पेड़ के नीचे संथाल हूल का बिगुल फूंका था।

1855-56 का संथाल विद्रोह संपूर्ण एशिया महादेश में विख्यात हुआ था। आज भी वर्षों पुराना बरगद का पेड़ पंचकठिया में ऐतिहासिक हूल क्रांति के गवाह के रूप में मौजूद है। जो हमें हर दिन, हर पल उनकी शहादत की याद दिलाता है।

सिद्धो -कान्हू के बलिदान को नमन : उपायुक्त रामनिवास यादव

उपायुक्त राम निवास यादव, उप विकास आयुक्त प्रभात कुमार बरदियार एवं अन्य पदाधिकारियों ने सिद्धो -कान्हू के गाँव (बरहेट) का भ्रमण किया।

उपायुक्त तथा उप विकास आयुक्त ने सर्वप्रथम पंचकठिया स्थित क्रांति स्थल पर माल्यार्पण करते हुए भोगनाडीह स्थित शहीद सिद्धो -कान्हू के वंशजों से मुलाक़ात की एवं उन्हें अंग वस्त्र भेंट किये।

इस अवसर पर उपायुक्त राम निवास यादव, उप विकास आयुक्त समेत अन्य पदाधिकारियों ने बरहेट पार्क में सिद्धो -कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उनकी शहादत को नमन किया।

उपायुक्त ने इस अवसर पर ग्राम प्रधान तथा ग्रामीणों से मुलाक़ात करते हुए उनकी समस्याएं सुनी। ग्रामीणों से राशन की पहुँच तथा अन्य चीजों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली तथा कोरोना वायरस संक्रमण के प्रति सभी को जागरूक किया।

Last updated: अप्रैल 11th, 2021 by Sanjay Kumar Dheeraj