Site icon Monday Morning News Network

सिद्धो-कान्हु लॉ बीर वैसी की बैठक में लिए गए कई निर्णय

साहिबगंज। जिला के बरहेट प्रखंड के भोगनाडीह में सिद्धो -कान्हू मुर्मू लॉ बीर वैसी और ग्राम प्रधान व विभिन्न संगठनों द्वारा एक बैठक आहूत की गई थी। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सह जिला मांझी परगना संगठन अध्यक्ष लच्छू मुर्मू ने की। जबकि बैठक का संचालन बरहेट प्रखंड के मांझी परगना संगठन के ग्राम प्रधान बेटका मुर्मू ने किया।

बैठक में साहेबगंज, पाकुड़ और गोड्डा जिले के ग्राम प्रधान और विभिन्न संगठन के गण्यमान्य सामाजिक लोगों ने भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि pesa1996 अधिनियम के आधार पर झारखंड के शैडयूल्ड एरिया पर पंचायत चुनाव को रद्द करते हुए परंपरागत और रूड़ीवादी शासन व्यवस्था को धरातल पर उतारने की मांग को लेकर झारखण्ड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक लिखित पत्र दिया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस संवैधानिक अधिकार को जमीनी जामा पहनाने के लिए वृहद आन्दोदल की जरूरत पड़ी, तो झारखंड स्तर पर आन्दोलन भी किया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन की अगली बैठक 20 मार्च 2021 शनिवार को 11.00 बजे निर्धारित किया गया है। उस दिन बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, मांझी परगना एवं जागरूक युवा वर्ग को इस अभियान में शामिल होने का आह्वान संगठन द्वारा किया गया है।

आगामी सात मार्च को पाकुड़ जिला के मांझी परगना संगठन की मासिक बैठक में इस अभियान के विषय पर गहन विचार -विमर्श भी किया जाएगा, एवं उसी दिन महेशपुर के जागरूक युवाओं के साथ अभियान की मजबूतीकरण के लिए बैठक की जाएगी। इसके लिए साहेबगंज जिले से एक प्रतिनिधि मंडल पाकुड़ जिले का दौरा एवं प्रवास भी करेंगे।

Last updated: मार्च 3rd, 2021 by Sanjay Kumar Dheeraj