Site icon Monday Morning News Network

कीर्ति आजाद का स्वागत कॉंग्रेसियों ने काले झंडे और ” बाहरी प्रत्याशी बाहर जाओ” के नारे से किया

धनबाद जिला कॉंग्रेस में आपसी गुटबाजी कब किसके सिर चढ़ कर तांडव करना शुरू कर दे अब ये कहना मुश्किल होता जा रहा है। सबसे बड़ी विडंबना तो यह है कि धनबाद जिला कॉंग्रेस में अब अपने आलाकमान के फैसलों के प्रति भी इज्जत समाप्त होता जा रहा है। तभी तो पार्टी के जिस उम्मीदवार (कीर्ति झा आजाद) का स्वागत फूल-माला से होना चाहिए था, उनका स्वागत कॉंग्रेसियों ने काले झंडे और बाहरी प्रत्याशी बाहर जाओ के नारे से किया।

कीर्ति आजाद को अपनी ही पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा भारी विरोध का सामना करना पड़ा

लंबे समय तक माथापच्ची करने के बाद अंततः कॉंग्रेस ने धनबाद संसदीय सीट के लिए भाजपा से कॉंग्रेस में शामिल हुए क्रिकेटर कीर्ति आजाद को अपना प्रत्याशी घोषित किया। हालांकि उनके नाम के चर्चा मात्र से ही यहाँ पार्टी में विरोध के स्वर सुनाई देने लगें थे। बावजूद इसके पार्टी ने धनबाद लोकसभा से कीर्ति आजाद को ही अपना प्रत्याशी बनाया है। इसके बाद शुक्रवार को एक प्रत्याशी के रूप में पहली बार धनबाद पहुँचे कीर्ति आजाद को अपनी ही पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा भारी विरोध का सामना करना पड़ा है।

काला झंडा दिखाते हुए कीर्ति आजाद वापस जाओं के नारे लगाये

दरअसल धनबाद पहुँचते ही कॉंग्रेस प्रत्याशी कीर्ति आजाद अपने चुनाव प्रचार के काम में जुट गए है। इसी क्रम में उनका काफिला आज झरिया के बनियाहिर के समीप से गुजरा। जहाँ पहले से इंतजार कर रहे कुछ कॉंग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उन्हें काला झंडा दिखाते हुए कीर्ति आजाद वापस जाओं के नारे लगाये। इसके कुछ ही समय बाद धनबाद के होटल ब्लैक रॉक जहाँ कीर्ति आजाद मीडिया को संबोधित करने पहुँचे थे। यहाँ भी उन्हें अपनी ही पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा न सिर्फ काला झंडा दिखाया गया बल्कि एक बार फिर उन्हें वापस जाओ के नारे से दो-चार होना पड़ा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष विजेंदर सिंह कॉंग्रेस नेता रणविजय सिंह जलेश्वर महतो ओपी लाल वैभव सिन्हा समेत दर्जनों कॉंग्रेस के कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे

Last updated: अप्रैल 12th, 2019 by Pappu Ahmad