Site icon Monday Morning News Network

फुटबॉल खेलने के दौरान खिलाड़ी की रहस्यमई मौत

मुर्दाघर के बाहर इन्तेजार करते लोग

दुर्गापुर के नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार की शाम फुटबॉल खेलने के दौरान खिलाड़ी राजन कुमार चौधरी (24) की रहस्यमई मौत हो गई। खेल के मैदान से ही खिलाड़ियों ने उसे इलाज के लिए डीएसपी अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक राजन चौधरी बिहार राज्य के बेगूसराय जिला का रहने वाला था। दुर्गापुर स्टील प्लांट में ट्रेनी के तौर पर पिछले 1 वर्षों से इंस्ट्रूमेंट विभाग में कार्यरत था। शुक्रवार को डीएसपी के विभिन्न यूनिटों के बीच नेहरू स्टेडियम में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।

मृतक खिलाड़ी राजन कुमार चौधरी का फ़ाइल फोटो

राजन कुमार इंस्ट्रूमेंट डिपार्टमेंट की ओर से फुटबॉल खेल रहा था। फुटबॉल खेलने के दौरान राजन कुछ समय के लिए मैदान से बाहर निकल कर बैठा था, कि अचानक वह अचेत होकर बेहोश हो गया। स्टेडियम के लोगों द्वारा इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार को डीएसपी के विभिन्न विभागों की ओर से इंटर डिपार्टमेंट फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। हर टीम को आधा घंटा के भीतर जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसी दौरान इंस्ट्रूमेंट डिपार्टमेंट बनाम सेक्शन मिल के बीच प्रतियोगिता चल रही थी।

राजन इंस्ट्रूमेंट टीम की ओर से खेल रहा था। प्रतियोगिता में 2 मिनट बाकी था। इसी बीच राजन अधिक थक जाने के कारण मैदान से बाहर बैठ गया। तभी अचानक वह मैदान में अचेत होकर गिर पड़ा। खेल सहयोगी शशिकांत राय ने बताया कि राजन काफी अच्छा खिलाड़ी था। 1 वर्ष पहले ही डीएसपी में ट्रेनी के तौर पर कार्य कर रहा था, अविवाहित राजन डीएसपी के हॉस्टल में ही रहता था. मार्च महीना में उसे स्थाई नियुक्ति होने वाली थी। प्रतियोगिता में उसने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था।

उसकी मौत कैसे हुई, यह रहस्य बना हुआ है। मौत के रहस्य के बारे में निष्पक्ष तरीके से जाँच करना चाहिए। खिलाड़ी के मौत की खबर पाकर विभिन्न ट्रेड यूनियनों के लोगों ने आश्रित को स्थाई नौकरी की मांग रखी है। इस संदर्भ में डीएसपी के जनसंपर्क अधिकारी चीनमय समादार ने कहा कि घटना की सूचना मिली है मामले की जाँच की जा रही है।

Last updated: अक्टूबर 5th, 2018 by Durgapur Correspondent