Site icon Monday Morning News Network

खतरनाक गिरोह की तरह वसूली कर रहे हैं भाजपा विधायक – कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित करते हुये कॉंग्रेस प्रदेश सचिव सह जनसंपर्क अभियान प्रभारी रणविजय सिंह

धनबाद : आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने बाघमारा विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया एवं कार्यकर्ताओं से मिले । मकर संक्रांति के अवसर पर कॉंग्रेस प्रदेश सचिव सह जनसंपर्क अभियान प्रभारी रणविजय सिंह एवं नवागंतुक जलेश्वर महतो द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुये ।

डॉ० अजय कुमार ने सर्वप्रथम महुदा मोड़ स्थित स्व बिनोद बिहारी महतो के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उसके बाद कॉंग्रेस नेता सह बाघमारा के पूर्व विधायक जलेश्वर महतो के नेतृत्व में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। सभा में कई युवाओं को सदस्यता भी ग्रहण करवाई। वहाँ से निकल कर वे कतरास स्थित सिजुआ कॉंग्रेस कार्यालय में रणविजय सिंह  की ओर से जन संवाद कार्यक्रम में पहुंचे । उनके साथ धनबाद जिला के तमाम कॉंग्रेस कार्यकर्ता एवं नेतागण उपस्थित थे ।

एक बूथ पाँच यूथ योजना कार्यकर्ताओं को समझाई

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये उन्होने कॉंग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करने की रणनीति पर विशेष सलाह दी। एक बूथ पाँच यूथ योजना पर भी कार्य करने को लेकर एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को सलाह दी। उन्होने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कॉंग्रेस के विचारधारा से लोगों को बताने व जोड़ने के साथ ही भाजपा सरकार के नाकामियों, भ्रष्टाचार और घोटालों का पोल खोल कार्यक्रम चला कर भाजपा को बेनकाब करना है और 2019 में केंद्र की सरकार आदरणीय राहुल गाँधी के नेतृत्व में कॉंग्रेस की सरकार बने इसके लिए कमर कस कर काम करना है।

खतरनाक वसूली कर रहे हैं भाजपा विधायक

पत्रकारों के सम्बोधन में वे बाघमारा विधायक पर भी जमकर बरसे, कहा कि बाघमारा में भाजपा के विधायक दुनिया के खतरनाक गिरोह से भी खतरनाक वसूली कर रहे हैं वो भी सरकार के संरक्षण में कर रहे हैं। केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी जी और रघुवर सरकार ने एक काम बड़ी ईमानदारी से किया है, उद्योग, पारा टीचर, मजदूर सभी के साथ बराबरी का काम करते हुए सभी को समान रूप से बर्बाद किया है।

धनबाद जिला महिला कॉंग्रेस कमिटी की जिलाध्यक्ष सीता राणा ने अपने महिला पदाधिकारियों के साथ झारखंड कॉंग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ० अजय कुमार का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। उनके साथ महिला कॉंग्रेस की अनिता कुमारी, बबीता शर्मा, कुसमी देवी, सुधीरा देवी, अंजू शर्मा, नाजनीन परवीन, मुस्कान खातून, सोनी खातून, कलाकार देवी आदि शामिल थी।

केंद्र और राज्य कि नाकामियों के प्रति महिलाओं को किया जा रहा है जागरूक : सीता राणा

अपने कार्यकर्ताओं के साथ डॉ0 अजय का स्वागत करती हुई धनबाद  जिला महिला कॉंग्रेस कमिटी की जिलाध्यक्ष सीता राणा

धनबाद  जिला महिला कॉंग्रेस कमिटी की जिलाध्यक्ष सीता राणा ने कहा कि महिला कॉंग्रेस भाजपा का पोल खोल अभियान के तहत पदयात्रा कर लोगों को भाजपा की नाकामी, योजनाओं में भ्रष्टाचार, घोटाला, गरीबों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं की उपेक्षा के बारे में बता रही है। बूथ स्तर पर महिला को मजबूत करने के लिए शक्ति एप से महिलाओं को जोड़ने का काम भी तेजी से किया जा रहा है । उन्होने कहा कि 2019 में राहुल गाँधी के नेतृत्व में ही केंद्र की सरकार बनेगी।

बहरहाल डॉ० अजय कुमार आज पूरा दिन बाघमारा कॉंग्रेस में जान भरने का काम पूरी मेहनत से करते रहे। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि 2019 में कार्यकर्ताओं को कितना जोशीला कर पाते हैं है।

Last updated: जनवरी 14th, 2019 by Pappu Ahmad