धनबाद/कतरास। निचितपुर निवासी विकास महतो की 23 वर्षीय पत्नी नीमा कुमारी ने रविवार को अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बरोरा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। नीमा के पति विकास ने पुलिस के समक्ष बताया कि मायका जाने को लेकर सुबह दोनों के बीच बहस हुई थी। लॉकडाउन को लेकर उसने पत्नी को मायका जाने से मना किया था।
पत्नी मायका जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बाताबाती होने के बाद विकास मजदूरी करने घर से निकल गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के वक्त विकास घर से बाहर था। बरोरा पुलिस फिलहाल इसे आत्महत्या मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है। महिला का पति विकास दिहाड़ी मजदूर का काम करता है। विकास के घर पर माता-पिता के अलावा भाई भी रहते हैं।
परिवारवालों ने जब देर तक घर का दरवाजा बंद देखा तो खुलवाने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा तोड़ने पर फंदे से झूलती विवाहिता मिली। शव को नीचे उतार इलाज के लिए चिकित्सक के पास गए। उससे पहले ही महिला की मौत हो चुकी थी। नीमा की शादी एक साल पूर्व हुयी थी.उसका मायका राजगंज में है।