बाराबनी: पश्चिम बर्धमान सर्व शिक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को बाराबनी में 19 दिव्यांग छात्रों को उनकी शिक्षा और गतिशीलता को सुगम बनाने के उद्देश्य से आवश्यक सहायक वस्तुएं वितरित की गईं। ये सामग्री बाराबनी विद्यालय अंचल निरीक्षक (एस.आई.) कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदान की गईं।
वितरित की गई सहायक वस्तुओं में व्हीलचेयर और कान की मशीन (हियरिंग एड) समेत कई अन्य आवश्यक उपकरण शामिल थे।
इस कार्यक्रम में आसनसोल नगर निगम के मेयर और बाराबनी विधायक विधान उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयं दिव्यांग छात्रों को व्हीलचेयर और अन्य सहायक सामग्री सौंपी।
इस अवसर पर विधायक विधान उपाध्याय ने अपने संबोधन में समाज के वंचित और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के समर्थन पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा, “समाज के वंचित और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों का समर्थन करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिये हमलोगों को हमेशा आगे रहना चाहिये।”
कार्यक्रम में बाराबनी थाना प्रभारी दिब्येंदु मुखर्जी, बाराबनी पंचायत समिति अध्यक्ष और बाराबनी स्कूल एस.आई. अक्षय भट्टाचार्य समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग छात्रों की शिक्षा तक पहुँच को बढ़ाना और उन्हें सामान्य जीवन जीने में सहायता प्रदान करना है।
19 दिव्यांग छात्रों को मिली व्हीलचेयर और अन्य सहायक वस्तुओं की सौगात

Last updated: नवम्बर 11th, 2025 by
