Site icon Monday Morning News Network

धनबाद क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष जीआर केसकर उर्फ चीनी बाबू के निधन पर धनबाद के खेलप्रेमियों में शोक 

धनबाद क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष जीआर केसकर उर्फ चीनी बाबू के निधन पर धनबाद के खेलप्रेमियों में शोक है। शनिवार को उनके देहावसान की खबर मिलते ही धनबाद के खेल जगत में शोक की लहर फैल गई। चीनी बाबू का निधन पुणे में हुआ है।

धनबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि आज धनबाद क्रिकेट अपने अभिभावक से वंचित हो गया। वे एक अच्छे कुशल प्रशासक थे।  1978 में गठित धनबाद क्रिकेट संघ के संस्थापक सदस्य थे और चार साल बाद ही 1982 में वे संघ के अध्यक्ष बने। उनके नेतृत्व में धनबाद क्रिकेट काफी फला-फूला।

महासचिव विनय कुमार सिंह ने कहा कि फिलहाल वे लंबे अरसे से पुणे में रह रहे थे, लेकिन उनका मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहा। उधर टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में डीसीए की ओर से शोकसभा का आयोजन किया। स्वर्गीय केसकर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर और दो मिनट का मौन रख खेल पदाधिकारियों व खिलाड़ियों ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर वरीय उपाध्यक्ष उत्तम विश्‍वास और संयुक्त सचिव बाल शंकर झा ने कहा कि उनके कार्यकाल में ही उनका खेल करियर शुरू हुआ। क्रिकेट के प्रति वे काफी जुनूनी थे और खिलाड़ियों की हरसंभव मदद करते थे।

इस अवसर पर बीएच खान, सुनील कुमार, महेश गोराई आदि उपस्थित थे। शोक जताने वालों में अरविंद महता,लड्डू बाबू, डॉ़ राजशेखर,साधु सिंह,ललित जगनानी, संजय कुमार, संजीव झा, शेखर गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार आदि शामिल थे।

Last updated: जनवरी 6th, 2019 by Pappu Ahmad