धनबाद । तोपचांची थाना क्षेत्र के दुमदुमी पंचायत के सीमाटांड स्थित तालाब से सटे जंगल में पेड़ पर लटकता एक शव मिला है। शव की पहचान नहीं हो पाई है। परिस्थितिजन्य साक्ष्य से लगता है कि हत्या को आत्महत्या में बदलने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया गया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है। जाँच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
बुधवार की सुबह नरकोपी गाँव का एक ग्रामीण जब अपनी भैंस को नहलाने के लिए तालाब में पहुँचा तो वहाँ फैले दुर्गंध के बाद उसने शव को देखा। जंगल में शव के मिलेने की खबर के बाद ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि मृतक कौन है, इसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मृतक के शरीर पर सफेद कलर का हाफ पैंट तथा ब्लू कलर का टी शर्ट है।
शव गमछे के सहारे पेड़ पर लटका हुआ था और उसके चेहरे को मिट्टी से ढँक दिया गया था। चेहरे को ढंकने के कारण संदेह पैदा हो रहा है कि उसकी हत्या की गई है। शव को देख यह प्रतीत होता है कि उसकी हत्या दो-तीन दिन पूर्व ही कि गई है। हत्यारों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके शव को पेड़ पर लटका दिया होगा।
घटना की सूचना के बाद पंचायत प्रधान सह मुखिया विकास कुमार महतो, थानेदार सुरेश मुंडा, अवर निरीक्षक सोनू पाठक, सहायक अवर निरीक्षक उमेश लाल राय मौके पर पहुँचे और मामले की जाँच की। थानेदार सुरेश मुंडा ने कहा मृतक कौन है तथा उसकी मौत कैसे हुई इसकी जाँच पड़ताल की जा रही है। जहाँ पर शव पाया गया वह इलाका सुनशान है। शाम होने बाद वहाँ पर कोई भी आता-जाता नहीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।