साहिबगंज । “राम काज कीजै बिनु मोहि कहाँ विश्राम” इसी भाव के साथ देश भर में अयोध्या में बनने वाले भव्य राम मंदिर हेतु निधि समर्पण अभियान के निमित्त साहिबगंज नगर में भी प्रतिदिन अभियान चलाया जा रहा है। साहिबगंज नगर के पुरानी साहिबगंज में टोली के अभियान प्रमुख विक्रम जयसवाल के द्वारा निधि संग्रह अभियान चलाया गया।
इस कड़ी में त्रिलोकी नाथ ओझा ने हिन्दू रीति के साथ माथा पर वस्त्र रखकर समर्पण की राशिद लिया और तुरंत उसको अपने माथे से लगाने के बाद जय श्रीराम का जयघोष किया। वहाँ उपस्थित सभी बंधुगन बहुत गौरवान्वित महसूस किए। समाज का हर वर्ग इसी प्रकार से बढ़-चढ़ कर समर्पण कर रहा है। आवश्यकता है घर -घर पहुँचने की।
“”राम जी के मंदिर में हम्मू दान देबे हो“” एक लकड़ी बेचकर घर चलाने वाली महिला टोली को देखते ही लकड़ी माथे से उतारकर पास आई और अपना समर्पण की राशि संग्रह टोली को सौंपा। उस वक्त उनकी आँखों में पानी था। वह बोली कि आज हमार जीवन धन्य हो गइल। इसी प्रकार सामाजिक कार्यकर्ता बजरंगी प्रसाद महतो ने जानकारी दी कि राम मंदिर निर्माण के लिए आज फिर मेरे परिवार की ओर से छह हजार एक रुपए की एक छोटी सी भेंट राशि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को समर्पित कि गई है। बता दें कि इसके पूर्व भी वे इक्कीस हजार से अधिक की राशि समर्पण अभियान में दान दे चुके हैं।
इस अभियान में मौके पर विभाग प्रचारक बिगेन्द्र कुमार, नगरपालक अधिकारी अरुण विश्वकर्मा, अभियान टोली के प्रमुख विक्रम जयसवाल, नगर कार्यवाह सपन कुमार, विभाग प्रचार प्रमुख राजीव कुमार, विभाग संपर्क प्रमुख निरंजन तांती, नरेंद्र, गौरव कुमार, अंतर्राष्ट्रीय एथलीट रही नमिता कुमारी सहित कई स्वयंसेवक उपस्थित थे।