Site icon Monday Morning News Network

बोकारो प्रेस क्लब का होली मिलन समारोह आयोजित

पत्रकारों ने फगुआ गीत-संगीत संग दिया एकजुटता व सौहार्द का संदेश

बोकारो : बोकारो में पत्रकारों की एकमात्र निबंधित संस्था ‘बोकारो प्रेस क्लब’ का होली मिलन समारोह रविवार को राष्ट्रीय उच्चपथ के परिसदन में धूमधाम से संपन्न हुआ।

इस कार्यक्रम में फगुआ गीत-संगीत की जहां धूम मची रही, वहीं पत्रकारों ने मस्ती और उमंग के इस माहौल के बीच सामाजिक व सांप्रदायिक सद्भावना का संदेश दिया। इसके साथ ही कार्यक्रम में पत्रकारों की एकजुटता पर भी बल दिया गया। पत्रकारों ने एक-दूसरे को रंग-अबीर लगाकर और आपस में गले-मिलकर होली की शुभकामनाएं दी।

इस शुभ अवसर पर बोकारो प्रेस क्लब के निदेशक मंडल व कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने होली को खुशियों व सामाजिक समरसता का महापर्व बताते हुए सभी से इसे सद्भावपूर्ण माहौल में मनाने का संदेश दिया। साथ ही पत्रकार हित में बोकारो प्रेस द्वारा किये गए कार्यों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए पत्रकारों की एकजुटता पर बल दिया।

इस कार्यक्रम के दौरान गीत-संगीत और नृत्य की अनुपम छटा बिखरी। वरीय पत्रकार एवं बोकारो के जाने-माने कलाकार अरुण पाठक ने एक से बढ़कर एक फगुआ गीतों की झड़ी लगा दी और उपस्थित जिलेभर के पत्रकारों को घंटों तक झूमने पर विवश किया। श्री पाठक के अलावा कैलाश गोस्वामी और दीपक कुमार ने भी मनभावन गीतों की प्रस्तुति से पूरे कार्यक्रम के दौरान समां बांधे रखा।

समारोह में बोकारो प्रेस क्लब के निदेशक मंडल के संयोजक अशोक विश्वकर्मा, अध्यक्ष कृष्णा चौधरी, निदेशक विजय कुमार झा, अरविंद शर्मा, महासचिव आशीष कुमार सिन्हा सहित अजय अश्क, विकास चंद्र महाराज, अक्षय कुमार, जय सिन्हा, कोषाध्यक्ष पीयूष राय, ‘दैनिक भास्कर’ के बोकारो संपादक संजीव सिंह, ‘हिन्दुस्तान’ के ब्यूरो प्रमुख संजीव ओझा सहित जिले भर से लगभग सवा सौ की संख्या में प्रेस प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Last updated: मार्च 17th, 2019 by Ravi kumar Verma