Site icon Monday Morning News Network

क्वार्टर के अंदर जमीन में दफन एक युवक के शव बरामद, जाँच में जुटी पुलिस

धनबाद । तिवारीडीह 4 नंबर बस्ती स्थित एक क्वार्टर से घर के अंदर जमीन में दफन एक युवक के शव को मजिस्ट्रेट CO केके सिंह व पुलिस की मौजूदगी में मंगलवार को बाहर निकाला गया। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा मामले की जाँच में जुट गई है। युवक के शव पर कई जगहों पर जख्म के निशान मिले हैं। युवक की सोमवार की रात हत्या कर उसके शव को उसी घर के अंदर जमीन में दफन कर दिया गया, जहाँ वो अपनी भाभी के साथ रहता था। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हत्या किसने और क्यों की।

मृतक की पहचान राजकुमार भुईयाँ (35) के रूप में की गई। वो अपनी भाभी मालती देवी के साथ इस घर में पिछले 3 माह से रह रहा था। राजकुमार दैनिक मजदूरी करता था। मालती देवी के अनुसार, राजकुमार सोमवार की रात शराब के नशे में धुत होकर घर आया। यहाँ वो मालती देवी से किसी बात पर झगड़ बैठा और उसे घर से बाहर निकाल दिया। मालती देवी पास के मंदिर में जाकर बैठ गई।

रात 3 बजे तक वो घर पहुँची तो देखा किसी ने जमीन को खोदकर उसमें राजकुमार भुईयाँ को दफना दिया है। महिला ने फौरन आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी और फिर यह जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने महिला से पूछताछ किया और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला।

Last updated: मई 25th, 2021 by Arun Kumar