Site icon Monday Morning News Network

कई मामलो के आरोप में पुलिस ने दस भाजपा नेताओं को गिरफ्तार किया

फाइल फोटो

संदीप हत्या के बाद भाजपा की ओर से लगातार आंदोलन की जा रही है, इसी क्रम में दुर्गापुर थाना घेराव के दौरान पुलिस के काम में बाधा देने, सरकारी संपत्ति नष्ट करने, महिला पुलिस कर्मियों के साथ गलत आचरण तथा धक्का-मुक्की एवं रास्ता अवरोध करने के मामले में दुर्गापुर थाना की ओर से शनिवार की रात विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर 10 भाजपा समर्थकों को गिरफ्तार किया गया। रविवार को सभी गिरफ्तार भाजपाइयों को दुर्गापुर कोर्ट में पेश किया गया गया। जहाँ सब की जमानत नामंजूर हो गई।

जबकि पाँच भाजपा समर्थकों को पुलिस ने 6 दिनों का रिमांड पर ले लिया। पुलिस पूछताछ कर बाकी बचे हंगामा करने वाले भाजपा समर्थकों को गिरफ्तार करेंगी। उल्लेखनीय है कि बीते 9 दिसंबर को कांकसा थाना के रूपगंज निवासी भाजपा नेता संदीप घोष की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या कांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग पर भाजपा की ओर से दुर्गापुर महकमा शासक कार्यालय के समक्ष 4 दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके बावजूद भी मुख्य आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई। इस कारण भाजपा की ओर से दुर्गापुर थाना घेराव का घोषणा किया गया था।

घोषणा के अनुसार 21 दिसंबर को भाजपा की ओर से दुर्गापुर थाना घेराव अभियान किया गया। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बेरिकेडट को तोड़ने, पुलिस के साथ मारपीट करने एवं सरकारी संपत्ति नष्ट करने का मामला पुलिस ने दर्ज किया था। यहाँ तक कि भाजपा समर्थकों ने पुलिस की ओर से लगाए गए ममता बनर्जी के चित्र पर कालिख लगा दिया था। मामले की शिकायत के बाद पुलिस जाँच में जुट गई थी।

अंत में शनिवार की रात पुलिस की ओर से भाजपा के युवा नेता भोला साव, पंकज गुप्ता, संतोष उर्फ टिंकू वर्मा, अमित घोष, राजकुमार सिंह, संतोष गुप्ता और राजू मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद दुर्गापुर थाना और दुर्गापुर कोर्ट में भाजपा समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। कड़ी सुरक्षा के बीच सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहाँ न्यायाधीश ने सबकी जमानत याचिका नामंजूर कर दिया और भोला साव समेत पाँच लोगों को 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

भाजपा के जिलाध्यक्ष लखन घोरुई ने कहा कि पुलिस शासक दल के ईशारे पर चल रही है। हम लोग हत्या के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के मांग पर 4 दिनों तक एसडीएम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किये। इसके बावजूद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। जिसके बाद ही दुर्गापुर थाना का घेराव किया गया, जो शांतिपूर्ण रहा। लेकिन हम लोगों के साथ धक्का-मुक्की में प्रदेश नेता राजू मुखर्जी के अलावा कई लोग जख्मी हुए हैं। भाजपा समर्थकों पर मामला दर्ज कर लिया है,जो ज्यादा दिनों तक चलने वाला नहीं है, इसका जवाब भाजपा देगी।

वहीं जिला पार्टी ऑफिस में पश्चिम बर्द्धमान जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष वी.शिव दासन दासु ने कहा कि संदीप हत्याकांड में मुख्य आरोपी के साथ तीन लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन जो इस हत्याकांड में शामिल नहीं है, उसपर भाजपा झूठे आरोप लगा रही है। पुलिस घटना की जाँच पड़ताल कर रही है। दासू ने कहा कि संदीप घोष को जिसने घर से ले गया, हम कहेंगे पुलिस उस व्यक्ति से पूछताछ करें, तभी पता चल जाएगा कि इस घटना के पीछे किसका हाथ है। संदीप की हत्या में भाजपा ही जुड़ी हुई है। सच्चाई कुछ दिन बाद समाने सबके समाने आ जाएगी।

Last updated: दिसम्बर 23rd, 2018 by Durgapur Correspondent